आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के लिए भाजपा ने बनाई प्रदेश स्तरीय टीम
सांसद रूपकुमारी चौधरी अभियान की संयोजक नियुक्त
मनमीत छाबड़ा"रिक्की"
पिथौरा। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को मजबूती देने के लिए प्रदेश स्तरीय टीम का गठन किया है। पार्टी ने महासमुंद सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को अभियान का संयोजक नियुक्त किया है।
अभियान की टीम में हरपाल सिंह भामरा, छगन लाल मुंदड़ा, रामदेव कुमावत और टेकेश्वर जैन को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह टीम अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की योजना, संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विज़न को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। अभियान के दौरान आत्मनिर्भरता से जुड़े जनजागरण कार्यक्रम, संगोष्ठियां, कार्यशालाएं और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पार्टी पदाधिकारियों का विश्वास है कि इस पहल से आम लोगों में आत्मनिर्भरता के प्रति नई सोच विकसित होगी और प्रदेश में स्थानीय संसाधनों के उपयोग तथा कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।