छत्तीसगढ़ में पहली बार 11वीं मिनीगोल्फ नेशनल्स चैंपियनशिप का शुभारंभ
आज से 11वीं मिनीगोल्फ नेशनल्स चैंपियनशिप का आगाज
हेमंत खुटे खेल संपादक
रायपुर(newstoday)। मिनीगोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन में मिनीगोल्फ एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी, नया रायपुर में 25 जून से 30 जून तक आयोजित 11वीं मिनीगोल्फ नेशनल्स चैंपियनशिप का आज भव्य शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब कैबिनेट मंत्री कौशल विकास , तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार मिनीगोल्फ की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है तथा इससे राज्य में इस खेल को नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दावड़ा यूनिवर्सिटी के सी ई ओ चिन्मय दावड़ा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे मिनीगोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधाकर कोहले ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रवीण मानवटकर,सूरज योतिकर,राजेश सेन्डेकर ,सुरेंद्र चौहान, श्रीराम धर्माधिकारी ने भी अपनी गरिमामय उपस्थिति दी।
आयोजन महासचिव सीमा यादव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी व आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत खुटे ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, केरल, दिल्ली, पांडिचेरी, पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान तथा मेजबान छत्तीसगढ़ सहित कुल 14 राज्यों के लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के चयनित खिलाड़ी मेघालय में आयोजित होने वाले नेशनल गेम्स तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के पात्र होंगे। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग की टीम स्पर्धा, सिंगल, डबल तथा मिक्स डबल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
आयोजन को सफल बनाने में आयोजन अध्यक्ष एस. के. साहू, आयोजन महासचिव सीमा यादव, सचिव भूपेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष जयेश तिवारी, आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेमंत खुटे , कोषाध्यक्ष वंदना मिंज सहित आयोजन समिति के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का आभार आयोजन समिति के अध्यक्ष एस के साहू ने माना।


