पिथौरा।(newstoday) वन विभाग ने अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए खैर प्रजाति की लकड़ी से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान 28 नग खैर लकड़ी के लट्ठे तथा बड़ी मात्रा में जलाऊ लकड़ी बरामद की गई। मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ वनोपज व्यापार विनियमन नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी महासमुंद श्री मयंक पाण्डेय के मार्गदर्शन, संयुक्त वनमंडलाधिकारी पिथौरा सुश्री डिम्पी बैस के निर्देशन तथा परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा श्री अंतरंग पाण्डेय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने 13 जून 2026 को यह कार्रवाई की।
वन अमले ने ग्राम भैरवपुर निवासी हुपराम पिता धनसाय भारद्वाज (31 वर्ष) को ट्रैक्टर क्रमांक CG 06 F 8307 में खैर प्रजाति की लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। जांच के दौरान ट्रैक्टर से 28 नग खैर प्रजाति के आर.टी.एल. लट्ठे (0.921 घनमीटर) तथा लगभग एक चट्टा खैर की जलाऊ लकड़ी बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(1) सहपठित धारा 20(4) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज (व्यापार विनियमन) नियम, 2001 के नियम-3 के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 22700/01 दिनांक 13 जून 2026 दर्ज कर कार्रवाई की।
जब्त किए गए ट्रैक्टर एवं लकड़ी को वन परिसर पिथौरा में सुरक्षित रखा गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वन संपदा की तस्करी एवं अवैध कटाई के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस अभियान में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी राजकुमार साहू, वनपाल दिनेश शर्मा, परिसर रक्षी बोईरडीह, वनरक्षक दीपक जेंद्रे (सांकरा), वनरक्षक सुदामा पालेश्वर (सल्डीह) सहित सुरक्षा श्रमिकों का विशेष योगदान रहा।

